यह देश है वीर जवानों का…पर झूमे श्रोता

खुंडियां (कांगड़ा)। अमर शांति मॉडल स्कूल खुंडियां में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यातिथि के तौर पर डा. अरुण चंदन ने शिरकत की। कार्यक्रम का आगाज सरस्वती वंदना के साथ हुआ। पांचवीं कक्षा की छात्रा स्वाति ने यह देश है वीर जवानों का… देशभक्ति गीत गाकर श्रोताओं से खूब वाहवाही लूटी। छात्र अभिषेक मेहता ने क्राइम अंगेस्ट वूमन और छात्र विशाल ने मोबाइल के फायदे और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव पर भाषण देकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया। छात्रा शिवानी ने भ्रूण हत्या पर भाषण देकर लोगों को प्रभावित किया। मुख्यातिथि ने स्कूल में नॉलेज पार्क खोलने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करने की घोषणा की। कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होने चाहिए। इससे पूर्व प्रधानाचार्य रुकमणी देवी ने मुख्यातिथि को बैज और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में वर्ष 2011-12 के मेधावी छात्रों को बोर्ड द्वारा दिए गए मेरिट सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। इसके अलावा जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर सेवानिवृत्त कैप्टन अमर सिंह, सेवानिवृत्त कर्नल मोहिंद्र सिंह, प्रधान सुराणी पंचायत प्रकाश चंद, बीडीसी सदस्य रणजीत सिंह, उपप्रधान मान सिंह राणा आदि उपस्थित रहे।

Related posts