
गरुड़। खंड शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने शुक्रवार को स्कूलों का निरीक्षण किया तो यहां भी बिहार जैसी स्थिति मिली। बीईओ को कई स्कूलों में मिड डे मील में सड़े चावल मिले। उन्होंने भोजन माताओं से सड़े चावल का भोजन नहीं बनाने के निर्देश दिए।
बीईओ ने प्राथमिक विद्यालय बंड, जूहा बंड, प्राथमिक बंड, जूहा मन्यूड़ा और प्राथमिक मन्यूड़ा का शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। मन्यूड़ा के दोनों विद्यालयों में उन्हें सड़े चावल मिले। उन्होंने भोजन माताओं से सड़े चावल का भोजन नहीं बनाने को कहा। निरीक्षण के दौरान बीईओ को स्कूलों के प्रधानाध्यापकों ने बताया कि सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानदारों द्वारा उन्हें मांग से ज्यादा चावल की सप्लाई की जा रही है। स्कूलों में चावल का अतिरिक्त स्टाक जमा होने से चावल सड़ रहे हैं। बीईओ ने भोजन माताओं से साफ-सफाई से स्कूलों में मध्याह्न भोजन बनाने को कहा। बीईओ ने पूर्ति निरीक्षक गरुड़ से मांग के अनुसार स्कूलों को साफ चावल भेजने के निर्देश दिए है। बीईओ ने पूर्ति निरीक्षक से सड़े चावल को शीघ्र बदलने के निर्देश दिए हैं।
