
कोटखाई (शिमला)। कोटखाई नगर पंचायत के वार्ड नंबर-1 में भी समस्याएं कम नहीं हैं। वार्ड के पैदल रास्ते और सड़कें उखड़ी पड़ी हैं। सुलभ शौचालय की कोई भी व्यवस्था नहीं की गई है। यहां आने वाले लोग खुले में शौच को मजबूर हैं। वहीं, कूड़ादान के नाम पर कुछ नहीं है। लोगों को मजबूरन खुले में कूड़ा फेंकना पड़ रहा है। इस कारण संपूर्ण स्वच्छता अभियान की भी पोल खुल रही है। अधिकांश स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हुई हैं। लेकिन, वार्ड की समस्याएं चुने हुए प्रतिनिधियों को नजर नहीं आ रही हैं।
वार्ड में कूड़ा फेंकने के लिए नगर पंचायत की ओर से एक भी कूड़ादान स्थापित नहीं किया गया है। लोगों को मजबूरन खुले में कचरा फेंकना पड़ रहा है। इससे वार्ड में गंदगी फैल रही है। वहीं वार्ड में पैदल रास्तों की स्थिति भी काफी खराब है। उखड़े हुए रास्तों पर लोगों को पैदल चलने में परेशानियां पेश आ रही हैं। अधिकांश स्ट्रीट लाइटें भी खराब पड़ी हैं। वार्ड में कोई सुलभ शौचालय नहीं है। इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष रविंद्र चौहान ने बताया कि नगर पंचायत के सभी वार्डों में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।
क्या कहना है वार्ड पार्षद का
कोटखाई नपं के वार्ड नंबर-1 की पार्षद आशा चौहान का कहना है कि वार्ड में किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं है। सड़कें और पैदल रास्ते ठीक हैं। वार्ड में सभी स्ट्रीट लाइटें जलती हैं। अगर कहीं कोई परेशानी होगी तो उसे जल्द ही हल कर दिया जाएगा।
