यशराज ने नचाया, राजीव ने हंसाया

रामपुर बुशहर। झाकड़ी में एसजेवीएन लिमिटेड के 26वें स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। डीपीएस स्कूल के खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बालीवुड के पार्श्व गायक एवं सुरक्षेत्र फेम यशराज कपिल ने मस्ती भरे गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को खूब नचाया। वहीं, हास्य कलाकार राजीव निगम के चुटकुलों पर दर्शक लोटपोट हो गए। इसके अतिरिक्त वायस आफ इंडिया फेम प्रियानी वानी, इंडियन आइडल फेम कृतिका तनवर और डांस इंडिया डांस फेम भावना पुरोहित ने भी अपनी प्रस्तुति से श्रोताओं का दिल जीत लिया।
बालीवुड गायक यशराज ने संध्या में हम तेरे बिन रह नहीं सकते…धीमे गीत से कार्यक्रम की शुरुआत की। दर्शकों के मूड को भांपते हुए उन्होंने फिर एक के बाद एक फास्ट ट्रैक सांग पेश किए, जिन पर दर्शक झूमे उठे। उन्होंने गुलाबी आंखें जो तेरी देखीं…,चिंता ता ता…, ओ मेरी जान मेरे को मंजनू बना दे…मस्ती भरी रात है…, सावन में लग गई आग.., देखा न हाय रे सोचा न…बचना ऐ हसीनों…जैसे फिल्मी गीत पेश कर खूब धमाल मचाया। डांस इंडिया डांस में जलवा बिखेर चुकी भावना पुरोहित ने ओरे पिया…और जय हो गीत पर मनमोहक नृत्य किया। वायस आफ इंडिया फेम प्रियानी वानी ने निगाहें मिलाने को जी चाहता है…, दमादम मस्त कलंदर…,दम मारो दम..जैसे गीत प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। जबकि, इंडियन आइडल फेम कृतिका तनवर ने तू तू है वही दिल ने जिसे अपना कहा…जैसे गीत पेश कर जमकर तालियां बटोरीं। संध्या में बालीवुड कलाकारों के साथ स्थानीय नन्हे मुन्ने बच्चों ने भी जमकर नृत्य किया। कार्यक्रम में कार्यकारी निदेशक एनसी बंसल, प्रोजेक्ट प्रमुख झाकड़ी संजीव सूद, प्रोजेक्ट प्रमुख रामपुर केके गुप्ता, प्रोजेक्ट प्रमुख लूहरी एसके शर्मा, एजीएम अजय उप्पल, आनंद उपाध्याय आदि मौजूद थे।

Related posts