
पांवटा साहिब (सिरमौर)। यमुना नदी में निजी आईटीआई का एक छात्र डूब गया है। दोपहर को तीन छात्र पुजारीघाट के समीप नदी में नहाने के लिए उतरे थे। हादसे की सूचना मिलने पर एसडीएम श्रवण मांटा और डीएसपी एनएस राठौर मौके पर पहुंचे। करीब आधा दर्जन गोताखोर छात्र की तलाश में जुटे हैं। खबर लिखे जाने तक सर्च अभियान जारी था। शुक्रवार को पांवटा के एक निजी आईटीआई संस्थान के तीन छात्र जयपाल, नीरज और पंकज यमुना में नहाने गए।
दोपहर करीब डेढ़ बजे श्री देईजी साहिबां मंदिर के समीप पुजारीघाट पर स्नान कर रहे थे। काहनूवाला निवासी नीरज और धौलाकुआं के पंकज नदी के दूसरे मुहाने की तरफ चले गए। काहनूवाला निवासी जयपाल (21) पुत्र रणजीत सिंह नहाने लगा। दोनों ने काफी दूरी से पीछे मुड़कर देखा तो जयपाल पानी में छटपटा रहा था। दोनों तेजी से वापस उसकी तरफ निकले, लेकिन गहरे स्थल पर डूबकर चले जाने पर कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद जयपाल के परिजनों व पुलिस को सूचित कर दिया। सूचना पर एसडीएम पांवटा श्रवण मांटा, डीएसपी पांवटा नरवीर सिंह राठौर व मुख्य आरक्षी दलीप तोमर समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। डूबे छात्र के चाचा मंगतराम समेत परिजन भी पहुंचे। पुलिस को नदी किनारे छात्र के कपड़े और मोबाइल मिला है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने आधा दर्जन गोताखोर बुलाए हैं।
उधर, डीएसपी पांवटा नरवीर सिंह राठौर ने कहा कि एक निजी आईटीआई संस्थान के तीन छात्र नहाने यमुना नदी में गए। इनमें काहनूवाला निवासी छात्र जयपाल (21) पुत्र रणजीत सिंह नदी में डूब गया है। स्थानीय गोताखोर टीम के सहयोग से सर्च अभियान जारी है।
