
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा में यमुना नदी की लहरों में एक अज्ञात शख्स बह गया। व्यक्ति के बारे में कोई पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस ने नदी के किनारे से कपड़े कब्जे में ले लिए हैं। इस वर्ष 2013 में अब तक यमुना नदी में मरने वालों की संख्या 4 हो गई है।
जानकारी के अनुसार रविवार को यमुना के किनारे एक शख्स नहाने के लिए नदी में उतरा। पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर वह नदी में बह गया। इसकी सूचना पांवटा थाने में दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मौके पर शख्स का कोई जानकार साथ नहीं था। पुलिस टीम को मौके पर नदी के किनारे बहने वाले व्यक्ति के कपड़े पेंट (लोअर)- कमीज मिले हैं। यमुनाघाट पर बाहरी राज्यों के श्रद्धालुओं का इन दिनों तांता लगा हुआ है। तेज बहाव के बावजूद कुछ लोग नदी में पवित्र स्नान करने को उतर रहे हैं। इस वर्ष अब तक चार लोग यमुना नदी में जान गवां चुके हैं।
थाना प्रभारी पांवटा भीष्म ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। थाना प्रभारी ने कहा कि नदी में बहे अज्ञात शख्स के मौके से कपड़े मिले हैं। पांवटा थाने में बाहरी या स्थानीय लोगों ने किसी के लापता होने की भी शिकायत अभी तक दर्ज नहीं करवाई है। फिर भी पुलिस अपने स्तर पर मामले की छानबीन में जुटी है।
