
पांवटा साहिब (सिरमौर)। मौसम बदलने के साथ कुछ दिनों से डायरिया, उल्टी दस्त और बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। रोज करीब डेढ़ दर्जन से अधिक मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं। इसी तरह के आधा दर्जन रोगी अस्पताल में उपचाराधीन हैं। विशेषज्ञ डाक्टरों ने इन दिनों पेयजल समेत साफ सफाई व खान पान का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
सिविल अस्पताल पांवटा में उल्टी दस्त, डायरिया से पीड़ित हरिपुरखोल के ग्राम कोदोंवाला निवासी सुखचैन सिंह (61), बद्रीपुर निवासी निर्मला (58), माजरा की प्रेमलता (60), पुरुवाला की आरजू (5) और रेणुका निवासी शांति देवी (58) भर्ती हैं। इन पीड़ित मरीजों का उपचार चल रहा है। वरिष्ठ डाक्टर एबी राघव ने बताया कि बरसात के मौसम में हर वर्ष इस तरह के मरीजों की संख्या बढ़ती है। ओपीडी में रोज करीब डेढ़ दर्जन मरीज उल्टी दस्त के रोज पहुंचते हैं। ज्यादा गंभीर हालत होने पर ही मरीजों को भर्ती किया जाता है।
वहीं इस संबंध में पांवटा सिविल अस्पताल के प्रभारी डा. राकेश धीमान ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इन दिनों खान पान का विशेष ध्यान रखना जरुरी है। विशेष कर बुजुर्गों और बच्चों का खास ध्यान रखना चाहिए। अपने आसपास क्षेत्र व पेयजल साफ हो। बासी खाना व खराब फल न खाएं। उल्टी दस्त व बुखार होते ही उपचार करवाने में लापरवाही न बरतें और तुरंत इलाज करवाएं।
