
उत्तरकाशी। आपदा के 69 दिन बाद भी गंगोत्री हाईवे पर यातायात सुचारु नहीं होने से जनपदवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग अवरुद्ध होने से उत्पन्न हालात पर जिले के पत्रकारों ने जिलाधिकारी डा. पंकज पांडेय से मिलकर त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा की। डीएम ने मौसम के साथ देने पर 15 दिन के भीतर गंगोत्री तक यातायात बहाल हो जाने की बात कही है।
तीन दिन से जिले में बारिश थमी है बावजूद बीआरओ नालूपाणी में गंगोत्री हाईवे पर सुरक्षित यातायात के इंतजाम नहीं कर पाया है। यहां दिनभर में कुछ समय के लिए ही सड़क खुल रही है और इतने में भी पहाड़ी से गिरते पत्थरों के बीच जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है। शुक्रवार दोपहर पहाड़ी से पत्थर गिरने से यूटिलिटि वाहन फंस गया। यात्रियों को गाड़ी छोड़कर जान बचाकर भागना पड़ा। सप्लाई चेन बाधित होने से जिला मुख्यालय क्षेत्र में भी सब्जी, दूध आदि जरूरी वस्तुओं की किल्लत बनी है।
