
गोहर (मंडी)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मंगलवार को नाचन विधानसभा क्षेत्र के गोहर में दो पेयजल स्कीमों के शिलान्यास के अलावा तीन भवनों का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहर का दर्जा बढ़ा कर 50 बिस्तरों का अस्पताल करने, बग्गी हाईस्कूल को जमा दो करने और मौवीसेरी में पीएचसी खोलने की घोषणा की है।
मंगलवार को मुख्यमंत्री ने 3.71 करोड़ से बनने वाली जबाल-सरोआ पेयजल स्कीम और 3.70 करोड़ से मौवीसेरी पेयजल योजना का शिलान्यास किया। इसके अलावा 80 लाख से निर्मित लोक निर्माण विभाग के मंडल कार्यालय, 1.12 करोड़ से पुलिस थाना भवन तथा गोहर स्कूल में 70 लाख से तैयार साइंस भवन का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने करोड़ों के विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन करने के साथ ही कई घोषणाएं की हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मिल्क फेडरेशन की ओर से दिवाली के लिए तैयार की गई देसी घी की मिठाई और लस्सी लांच की।
जनसभा में कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने गैर हिमाचलियों को कौड़ियों के भाव जमीन बेची है, लेकिन कांग्रेस सरकार किसी को भूमिहीन नहीं होने देगी। पांच बीघा से कम जमीन वाले भूमि मालिक की जमीन बेचने पर रजिस्ट्री नहीं होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। इसके लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सत्ता संभालते ही कई महत्वाकांक्षी योजनाएं लागू की हैं। हिमाचल के हितों की पैरवी मजबूती से केंद्र में की जाएगी। उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर हिमाचल के विभिन्न मुद्दों को उठाया है।
