मौके पर ही निपटाए 365 मामले

बरठीं (बिलासपुर)। उपमंडल स्तरीय प्रशासन जनता के द्वार शिविर का आयोजन झंडूता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत बल्हसीणा में किया गया। इसकी अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी घुमारवीं राजीव कुमार ने की। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 395 प्रार्थना पत्र उपमंडलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए गए। इसमें से 365 मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभाग को उचित कार्रवाई के लिए भेजा गया।
शिविर में प्रमाण पत्र, ब्यान हल्फी के 192, बसीयत, बेनामा 31, इंतकाल के 57 मामले, वृद्धावस्था/विधवा पेंशन के आठ मामले तथा लोक निर्माण, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग, विद्युत व अन्य विभागों के 100 मामलों का निपटारा मौके पर किया गया। शेष 30 मामलों को निपटाने के लिए विभिन्न विभागों को शीघ्र कार्रवाई के लिए भेजा गया। इसके अलावा सात लोगों को 97 सौ रुपये की राशि बतौर आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस दौरान उपमंडलाधिकारी राजीव कुमार ने कहा कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य लोगों को उनके घर- द्वार पर राजस्व संबंधित मामले निपटाना है। इस अवसर पर एनआरएचएम के निदेशक मंडल सदस्य एवं पूर्व विधायक डा. बीरू राम किशोर ने कहा कि इस तरह के शिविरों का आयोजन हर पंचायत में होना चाहिए। लोगों को बार बार कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़े। इससे लोगों के समय और धन दोनों की बचत होगी। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता लोनिवि टीसी वर्मा, अधिशासी अभियंता विद्युत एके खनोटिया, डीएसपी अंजनी जसवाल, खंड विकास अधिकारी झंडूता प्रकाश चंद, रजनी धीमान सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Related posts