
जीरकपुर

मिशन वंदे भारत के अंतर्गत सोमवार को एक उड़ान मोहाली के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंची। स्पाइसजेट द्वारा यह विमान उन यात्रियों के लिए था जोकि यूएई में फंस गए थे। इस उड़ान में करीब 167 यात्री थे। यह वह यात्री थे जोकि यूएई में नौकरी करते थे। कई ऐसे यात्री भी इसमें शामिल थे जोकि अपने रिश्तेदारों से मिलने के लिए गए थे।
स्पाइसजेट की यह उड़ान करीब रात साढ़े आठ बजे मोहाली के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंची। यात्रियों ने बताया कि लॉकडाउन के बाद लगा कि अपने देश ही लौट चलना चाहिए। अब परिस्थितियां अच्छी नहीं हैं, ऐसी स्थिति में अपने देश में रहकर ही काम करना बेहतर है। इसी वजह से जब मिशन वंदे भारत की शुरुआत की गई तो यह लौट आए।
डॉक्टरों ने किया सभी यात्रियों का चेकअप
उड़ान में पंजाब और आसपास के राज्यों के यात्री शामिल थे जैसे ही उड़ानें यहां पहुंची तो पंजाब सरकार के स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों ने सभी यात्रियों का चेकअप किया। इसके बाद यात्रियों को बैच में एयरपोर्ट से बाहर निकाला गया। यहां आए सभी यात्रियों के लिए सैनिटाइजेशन की व्यवस्था की गई थी। मोहाली के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंची इस उड़ान के यात्रियों को राज्य सरकार के नियमों के अनुसार क्वारंटीन किया जाएगा।
