
अल्मोड़ा। सल्ट ब्लाक के मोहान में पशु मेला आयोजित करने को लेकर यहां पशु मेला समिति की बैठक हुई। सर्वसम्मति से तय हुआ कि मोहान (कुमेरिया) में जिला पंचायत द्वारा नवंबर में पशु मेला आयोजित किया जाएगा।
समिति के अध्यक्ष और जिला पंचायत अध्यक्ष मोहन राम आर्या की अध्यक्षता में हुई बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने मोहान में पशु मेला आयोजित करने को लेकर चर्चा की। तय हुआ कि मेले में राजस्व, पुलिस, पशुपालन, वन विभाग समेत सभी विभागों का सहयोग लिया जाएगा। श्री आर्या ने कहा कि पशु मेले में जो काश्तकार पशुओं का क्रय-विक्रय करेंगे उनसे लिखित रूप में लिया जाएगा कि वह पशु को वध के लिए नहीं ले जा रहे हैं। यदि कोई व्यक्ति पशुओं को वध करने के लिए ले जाता पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मेला स्थल पर विक्रय के लिए लाए जाने वाले बैल में टैग अवश्य लगा होना चाहिए, ताकि आवारा पशु मेला स्थल पर वर्जित किए जा सकें। मेले में बूढ़े, विकलांग, रोगग्रस्त पशुओं का प्रवेश वर्जित रहेगा। परियोजना निदेशक डीआरडीए एसएसएस पांगती ने प्रत्येक ब्लाक में गो-मूत्र संयंत्र स्थापित करने के लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से प्रस्ताव भेजने को कहा। भौमिक पशु सेवा सुरक्षा समिति की सदस्य कामिनी कश्यप ने कहा कि पशु क्रूरता की रोकथाम के लिए सभी को सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ब्लाक में गो सेवा सदन स्थापित किए जाने चाहिए, ताकि उनमें आवारा पशुओं को रखा जा सके। बैठक में सीवीओ डा. योगेंद्र शर्मा, लक्ष्मण कड़कोटी समेत विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
