मोबाइल फोन जुन्गा लैब भेजने की तैयारी

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। थाना देहरा के तहत एक नाबालिग के साथ दुराचार करने और वीडियो बनाने के आरोपी युवकों को पुलिस ने सोमवार को कोर्ट में पेश किया। यहां से कोर्ट ने आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी युवकों के मोबाइल फोन सेट को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। इससे पता लगाया जा सकेगा कि कहीं पीड़ित लड़की का वीडियो तो नहीं बनाया गया है। पुलिस इस थ्योरी पर भी काम कर रही है कि हो सकता है कि युवकों ने मोबाइल फोन पर वीडियो क्लिप बनाने के बाद इसे बाद में डिलीट कर दिया हो। इसकी जांच के लिए मोबाइल फोन को जुन्गा स्थित लैब भेज जाएगा। 23 जुलाई शाम करीब साढे़ चार बजे पीड़ित लड़की जंगल में पशु चराने गई हुई थी। इसी दौरान वहां पर वीरेंद्र और रिंकू नामक युवक पहुंच गए। आरोप है कि वीरेंद्र ने उसके साथ दुराचार किया। आरोप है कि दूसरे युवक रिंकू ने धमकी देते हुए कहा कि दुराचार के दौरान मोबाइल में उसका वीडियो बना लिया गया है जिसे लोगों को दिखाया जाएगा। इससे लड़की सहम गई। 27 जुलाई की रात उसके परिजनों ने घटना की शिकायत थाना देहरा में दर्ज कराई। डीएसपी देहरा बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों के मोबाइल फोन पुलिस ने कब्जे में लिए गए हैं। इनकी जांच करवाई जाएगी।

Related posts