मोदी सुयोग्य शासक और ईमानदार नेता : शांता

पालमपुर (कांगड़ा)। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष शांता कुमार ने कहा कि भाजपा का इतिहास हमेशा उज्ज्वल, शानदार और गौरवशाली रहा है। आज भाजपा के कार्यकर्ता इस बात पर गर्व कर सकते हैं कि भाजपा के पास नरेंद्र मोदी जैसे नेता हैं, जो सुयोग्य शासक, ईमानदार व दूरदर्शी हैं। वहीं बेदाग, विद्वान और देश की राजनीति के सबसे वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी जैसे नेता भी हैं, जिनको आज सारा देश इज्जत की नजर से देखता है। ऐसे में आज देश की जनता भाजपा को सबसे ज्यादा उपयुक्त पार्टी मानती है जो देश को वर्तमान परिस्थितियों से उबार सके।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता पूर्व और बाद देश में कांग्रेस नेताओं ने इस तरह की परिस्थितियां पैदा कर दी थीं, जिसमें देश का भविष्य खतरे में नजर आ रहा था। कठिनता से प्राप्त स्वतंत्रता को अक्षुण्ण रखना मुश्किल नजर आ रहा था। ऐसे में जनसंघ के संस्थापक और भारत के बड़े नेता डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश हित में निर्णय लेते हुए भारतीय जनसंघ की स्थापना की। इस नई पार्टी के गठन को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विचारकों ने अनथक मेहनत की। उसके बाद पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर व कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत से जनसंघ ने संपूर्ण भारत में अपनी पहचान एक राष्ट्रवादी पार्टी की बनाई।

Related posts