
जालन्धर : ज्योतिषों का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अगले कुछ महीनों तक अपनी सुरक्षा की तरफ विशेष ध्यान देना होगा। मुम्बई के ज्योतिषी पं. राजकुमार शर्मा ने कहा कि मोदी का जन्म 17 सितम्बर 1950 को वृश्चिक लग्र में हुआ। उनके 11वें घर में सूर्य-बुध की युती है जिस कारण उनकी वाणी में काफी आक्रमकता है। लग्र में इस समय शनि गोचर में चल रहे हैं जिस कारण विष योग का निर्माण हो रहा है।
उन्होंने कहा कि मोदी को 26 जनवरी 2017 तक सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से सतर्क रहना होगा। मोदी की पार्टी भाजपा को भी सहयोगीदलों से विरोध का सामना करना पड़ेगा। पंडित शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की कुंडली भी मजबूत होने जा रही है। 17 अप्रैल 2017 के बाद राहुल की भाषा व चाल बदल जाएगी। वह प्रखर नेता के रूप में उभर कर सामने आएंगे। वह मोदी का भी प्रभावी ढंग से मुकाबला करेंगे। उन्होंने राहुल को भावी प्रधानमंत्री करार दिया है। उन्होंने पंजाब कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कैप्टन अमरेन्द्र सिंह की कुंडली के बारे में बताया कि उन्हें गुरु महादशा में चंद्रमा की अंतर्दशा चल रही है जोकि गज केसरी योग बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि गज केसरी योग के कारण कैप्टन की पार्टी कांग्रेस पंजाब विधानसभा चुनावों में सबसे ज्यादा सीटें जीत कर सामने आएगी तथा कांग्रेस अन्य दलों के सहारे राज्य में अपनी सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि संभवत: राज्य में त्रिशंकु विधानसभा भी सामने आ सकती है।
पं. शर्मा ने कहा कि दिल्लीके मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का जन्म 16 अगस्त 1968 को हुआ। वृष लग्र में जन्में केजरीवाल की कुंडली में कालसर्प योग बना हुआ है। उन्हें गुरु महादशा लगी हुई है। गुरु कुंडली में चौथे घर में बुध के साथ है जोकि उत्पात योग का निर्माण कर रहा है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल की सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल होगी। उनके ऊपर सामाजिक व शारीरिक दबाव बना रहेगा। उनके गले का रोग उन्हें बार-बार तंग करेगा इसलिए केजरीवाल की पार्टी को पंजाब में कुछ ही सीटों से संतोष करना होगा। उन्होंने कहा कि 31 दिसम्बर 2016 तक शेयर बाजार 30,000 के आंकड़े को पार कर लेगा। सोना 27500 के स्तर को छूकर 34800 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच जाएगा। इसी तरह से चांदी का न्यूनतम स्तर 41800 रुपए प्रति किलो रहेगा जबकि वह अगले 50 दिनों में 50,000 के स्तर को छू लेगी। भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत है।
