‘मोदी नहीं राहुल हैं प्रधानमंत्री पद के लिए स्वाभाविक पसंद’

‘मोदी नहीं राहुल हैं प्रधानमंत्री पद के लिए स्वाभाविक पसंद’

जालन्धर: केंद्रीय सड़क परिवहन व हाईवे मंत्री ऑस्कर फर्नांडीज ने आज कहा कि चाहे कांग्रेस ने राहुल गांधी को अभी तक प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित नहीं किया है परन्तु राहुल ही प्रधानमंत्री बनेंगे क्योंकि राहुल ही इस पद के लिए पार्टी व राष्ट्र की पहली पसंदहैं।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर भाजपा गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर उत्साहित है तो दूसरी ओर कांग्रेस अपने नेता राहुल गांधी को लेकर उत्साहित है। उन्होंने कहा कि यू.पी.ए. सरकार अपना दूसरा कार्यकाल पूरा करने जा रही है तथा हम तीसरे कार्यकाल के लिए चुनावी मैदान में उतरेंगे। कांग्रेस गरीबों की सेवा कर रही है तथा इसीलिए केंद्रीय खाद्य सुरक्षा बिल लाया जा रहा है।

फर्नांडीज ने कहा कि लोकसभा के आम चुनाव निर्धारित समय पर ही होंगे। प्रधानमंत्री ने स्वयं मध्यवर्ती चुनाव होने की संभावना से इंकार किया है। उन्होंने भाजपा से अपील की कि वह संसद के मानसून सत्र को निर्विघ्न रूप से चलने दे ताकि राष्ट्र से संबंधित महत्वपूर्ण बिलों को पास करवाया जा सके।

अगर भाजपा संसद सत्र नहीं चलने देती है तो फिर केंद्र सरकार के लिए अध्यादेश लाने के सिवाय कोई चारा नहीं बचेगा। फर्नांडीज ने कहा कि पानीपत से जालंधर तक सड़क को सिक्स लेन करने में कानूनी अड़चनें सामने आ रही हैं, जिस कारण काम में देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि टोल कम्पनी द्वारा अपने गेटों की स्थिति को बदलने की मांग की गई थी जिसे केंद्र सरकार ने अस्वीकार कर दिया था, इसीलिए मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है।

भारत सरकार चाहती है कि टोल गेटों को यथा स्थान पर रखा जाए। अब सुप्रीम कोर्ट में अगली सुनवाई 6 अगस्त को होनी है। उन्होंने कहा कि अदालत में केस चलने के कारण केंद्र सरकार कुछ भी करने में असमर्थ है। फर्नांडीज ने कहा कि पंजाब सरकार के इन आरोपों में दम नहीं है कि रोड सेफ्टी प्रोजैक्ट पंजाब से छीनकर राजस्थान को दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के डिप्टी सी.एम. कभी भी सड़कों से संबंधित प्रोजैक्टों को लेकर उनसे मुलाकात कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि विधिपुर फाटक से ढिलवां तक सड़क को सिक्स लेन बनाने के संबंध में जल्द ही बजट का प्रबंध कर लिया जाएगा तथा वित्त मंत्रालय के साथ शीघ्र बैठक करेंगे ताकि 22 किलोमीटर क्षेत्र में लागत बढऩे के बावजूद फंडों का प्रबंध किया जा सके। फर्नांडीज ने कहा कि सड़क प्रोजैक्टों को लेकर केंद्र सरकार त्वरित फैसले ले रही है परन्तु कई बार कानूनी अड़चनें आड़े आ जाती हैं। इस अवसर पर कांग्रेस नेता अमनदीप मित्तल भी मौजूद थे।ऑस्कर फर्नांडीज पत्रकारों से बातचीत करते हुए।

Related posts