मोदी के लाहौल दौरे को चकाचक हुआ सिस्सू हेलीपैड

मोदी के लाहौल दौरे को चकाचक हुआ सिस्सू हेलीपैड

केलांग (लाहौल-स्पीति)
सामरिक महत्व की अटल टनल रोहतांग के उद्घाटन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित लाहौल दौरे को देखते हुए सिस्सू हेलीपैड को चकाचक किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री सिस्सू हेलीपैड का इस्तेमाल कर सकते हैं। संभावना है कि सासे हेलीपैड मनाली में उतरने के बाद प्रधानमंत्री लाहौल पहुंच सकते हैं। उनका हेलीकाप्टर सिस्सू हेलीपैड से दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा। सरकार लाखों रुपये खर्च कर सिस्सू हेलीपैड पर नए सिरे से टारिंग का काम कर रही है।

हेलीपैड को मनाली-लेह हाईवे से जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर भी तारकोल बिछाया जाएगा। प्रशासनिक सूूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अटल टनल रोहतांग के बाद सिस्सू हेलीपैड पर ही जनता को संबोधित कर सकते हैं। हेलीपैड पर टारिंग की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो, इसके लिए लोनिवि के इंजीनियरिंग इन चीफ शिमला से लाइव वीडियो काल के माध्यम से काम पर पैनी नजर रखे हुए हैं।
हालांकि, सीमा सड़क संगठन ने अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल गुफा होटल से सिस्सू तक सड़क को चकाचक कर दिया है। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने बताया कि प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए सिस्सू हेलीपैड में प्राथमिकता के आधार पर नए सिरे से टारिंग की जा रही है। विभाग और ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं कि काम को तय समय अवधि में पूरा किया जाए। बताया कि हेलीपैड के लिए जाने वाले मार्ग पर भी टारिंग की जाएगी। इस काम पर करीब 45 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

 

Related posts