‘मोदी के बढ़े रुतबे के बाद राजनीतिक दलों का नए सिरे से हो रहा गठबंधन’

‘मोदी के बढ़े रुतबे के बाद राजनीतिक दलों का नए सिरे से हो रहा गठबंधन’

बीजिंग: मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव प्रकाश करात ने कहा है कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को भाजपा की चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष बनाए जाने के मद्देनजर राजनीतिक दलों का नए सिरे से गठबंधन हो रहा है तथा माकपा गैर कांग्रेस और भाजपा दलों को साथ लाने का प्रयास कर रही है।

चीन के दौरे पर पहुंचे करात ने इसके साथ यह भी कहा कि इस तरह के नए गठबंधन के बारे में चुनाव के बाद ही पूरी तरह से पता चलेगा। उनका मानना है कि मोदी को चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से भाजपा अलग-थलग पड़ गई है और सत्ता में आने के लिए गठबंधन को मजबूत करने की उसकी योजना खटाई में पड़ चुकी है। माकपा नेता ने साक्षात्कार में कहा, ‘हम कुछ गैर कांग्रेस और गैर भाजपा दलों के साथ मिलकर काम करने का प्रयास कर रहे हैं। हमारी पार्टी भाजपा और कांग्रेस से लडऩे की दिशा तय करने को लेकर पहले ही काम कर चुकी है।’

तीसरा मोर्चा बनाने के प्रयासों के बारे में उन्होंने कहा, ‘उस बारे में कुछ कहना कठिन है। मेरा मानना है कि राजनीतिक दलों का फिर से गठबंधन हो रहा है। परंतु पूरा खाका चुनाव के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।’

Related posts