
पटना: भाजपा की आज यहां आयोजित ‘हुंकार रैली’ को लेकर पटना के चप्पे-चप्पे पर पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी के बड़े-बड़े बैनर और पोस्टर लगे हुए हैं वहीं समर्थकों के जुटने के कारण राजधानी नमोमय हो गई है। नीतीश के गढ़ में मोदी हुंकार भरेंगे। मोदी की दोपहर दो बजे से हुंकार रैली शुरू होगी। सूत्रों के अनुसार मोदी की रैली के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना में नहीं रहेंगे। नीतीश मुंगेर के योग सम्मेलन में रहेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आज आयोजित नरेंद्र मोदी की ‘हुंकार रैली’ में उनके भाषण को लोग मोबाइल फोन पर भी सुन सकते हैं।
भाजपा की रैली हेतु कहीं खिचड़ी-चोखा, कहीं दाल-भात
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रविवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में प्रस्तावित ‘हुंकार रैली’ के लिए लोगों का पटना पहुंचना शनिवार से ही शुरू हो गया है। आने वालों के भोजन के लिए पार्टी द्वारा पूरी व्यस्था की जा रही है। पटना में जहां-जहां रैली के लिए आए लोग ठहरने वाले हैं, वहां-वहां भोजन के लिए कहीं पूरी-सब्जी का इंतजाम है तो कहीं चावल (भात)-दाल और खिचड़ी-चोखा की व्यवस्था है। भाजपा के विधायकों और पूर्व मंत्रियों के आवासों पर क्षेत्र से आने वाले कार्यकर्ताओं के ठहरने और भोजन की व्यवस्था की जा रही है।
बिहार के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता अश्विनी चौबे के आवास पर 15 हजार से ज्यादा लोगों के खाने का प्रबंध किया गया है। चौबे कहते हैं, ‘‘बिहार की संस्कृति अतिथि देवो भव: की रही है, ऐसे में जो भी लोग रैली में शामिल होने आ रहे हैं उनके रहने और खाने का इंतजाम किया जा रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनके क्षेत्र से 100 से ज्यादा कार्यकर्ता रैली में भाग लेने के लिए फिलहाल पहुंच गए हैं। वे अपने साथ चावल, आटा, सब्जी और सत्तू लेकर पहुंचे हैं।’’ उनके आवास पर चार हजार लोगों के लिए खिचड़ी, चोखा और पापड़ का इंतजाम रहेगा, जबकि 15,000 से ज्यादा लोगों के लिए पूरी-सब्जी की तैयारी है। पूर्व मंत्री जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के आवास पर एक बड़ा-सा टेंट लगाया गया है।
सिग्रीवाल के मुताबिक ‘‘उनके आवास पर 40 हजार से ज्यादा लोगों के भोजन की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि उनके आवास पर क्षेत्र की महिलाओं को ठहराने की व्यवस्था की जा रही है, जबकि आवास के आसपास के अन्य तीन-चार बंगलों में पुरुष सदस्यों को ठहराया जाएगा।’’ रक्सौल के विधायक अजय कुमार के आवास पर क्षेत्र से आने वालों के खाने के लिए चावल, दाल और सब्जी का इंतजाम किया जा रहा है। इसके अलावा भाजपा के सभी विधायकों और पूर्व मंत्रियों के आवासों पर भी आने वालों के लिए रहने और खाने का प्रबंध किया जा रहा है। जहां पर खाने की व्यवस्था की गई है वहां हलवाई अभी से अपने कारीगरों के साथ व्यवस्था में लग गए हैं।
गांधी मैदान में भी आने वालों को ठहराने की व्यवस्था की गई है। पटना नागरिक मंच ने पटना से रैली में भाग लेने आने वालों से चार-पांच पैकेट पूरी-सब्जी लाने की अपील की है। इसके लिए शहर में 15 भोजन पैकेट संग्रहण केन्द्र बनाए गए हैं। वहां राजधानी के लोग खाने का पैकेट जमा कर सकेंगे।
एक पैकेट में 10 पूरी और सब्जी और अचार होगा। ये पैकेट रविवार के 11 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे और उसके बाद ये पैकेट बाहर से रैली में आने वालों के बीच वितरित कर दिए जाएंगे। पटना नागरिक मंच के काउंटरों की जिम्मेवारी देख रहे नील रतन घोष ने बताया कि इन केन्द्रों पर ढाई लाख चूड़ा-गुड़ के पैकेट, पानी और दातून भी उपलब्ध होंगे।
