मोदी की लहर पर, हवा में न रहें : शांता

फतेहपुर (कांगड़ा)। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मंगलवार को भाजपा संगठनात्मक जिला नूरपुर के बूथ अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक बनाल में संपन्न हुई। अध्यक्षता वरिष्ठ नेता एवं कांगड़ा-चंबा सीट से भाजपा प्रत्याशी शांता कुमार ने की। मीटिंग में नूरपुर, फतेहपुर, इंदौरा व जवाली विस क्षेत्रों के पार्टी पदाधिकारियों और प्रमुख नेताओं ने भाग लिया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शांता कुमार ने कहा कि इस समय देश में नरेंद्र मोदी के पक्ष में लहर चल रही है, लेकिन कार्यकर्ता हवा में न रहें। अगर देश में भाजपा की सरकार बनानी है तो हर कार्यकर्ता को पूरी ईमानदारी से पार्टी के लिए समय निकाल कर कड़ी मेहनत करनी होगी। उन्होंने बूथ पालकों से अपने-अपने बूथों को मजबूत करने का आह्वान किया। कहा कि अगर बूथ जीतेंगे तो देश जीतेंगे। शांता कुमार ने केंद्र की यूपीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस समय देश में महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है, जोकि केंद्र सरकार की नाकामी को दर्शाता है। अगर देश को भ्रष्टाचार और महंगाई जैसे मुद्दों से बचाना है तो देश की जनता को भाजपा की सरकार को सत्ता में लाना होगा। वहीं, विपिन परमार ने परोक्ष रूप से सुशांत पर निशाना साधते हुए कहा कि सफेद टोपी पहनने से कोई ईमानदार नहीं बन जाता तथा ऐसे लोगों को दूसरों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांक लेना चाहिए। इस मौके पर भाजपा नेता बलदेव ठाकुर, जिप उपाध्यक्ष जगदेव सिंह, पूर्व विधायक राकेश पठानिया, डा. राजीव भारद्वाज, पूर्व सांसद कृपाल परमार, रीता धीमान, मालविका पठानिया, डा. सतीश शर्मा, संजय ठाकुर, कर्म गुलेरिया, सुमन बाला, देशराज, डा. हरबंस राणा, बलदेव चौधरी, कैप्टन चैन सिंह, उपेंद्र गुलेरिया सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related posts