मोदी का सुरक्षा घेरा कड़ा

धर्मशाला। भाजपा से प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी की मंगलवार को पालमपुर में प्रस्तावित रैली को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। कांगड़ा पुलिस एनएसजी के निर्देश पर मोदी को सुरक्षा प्रदान कर रही है। मोदी की सुरक्षा को लेकर एनएसजी ने कांगड़ा पुलिस को निर्देश जारी किए थे। इसके बाद पुलिस ने मोदी की सुरक्षा को लेकर जवानों की तैनाती की है। मोदी की सुरक्षा में 800 पुलिस कर्मी के अलावा एएसपी और डीएसपी स्तर के अधिकारी भी तैनात रहेंगे।
पुलिस ने गगल से पालमपुर तक 11 नाके लगाए हैं। इनमें पुलिस वाहनों और संदिग्ध लोगों पर पैनी नजर रखेगी। वहीं, मोदी के पालमपुर पहुंचने के बाद एनएसजी के कमांडो भी मोदी के साथ रहेंगे। पुलिस सूत्रों के अनुसार मोदी की सुरक्षा को लेकर कमांडो नाकों पर भी नजर रखेंगे। इसके अलावा सुरक्षा को लेकर खुफिया एजेंसियां भी सतर्क रहेंगी। उधर, एएसपी मोहित चावला ने बताया कि एनएसजी के मापदंडों के आधार पर पुलिस फोर्स तैनात की है। उन्होंने कहा कि गगल से रैली स्थल तक 800 जवान तैनात रहेंगे।

Related posts