
पालमपुर (कांगड़ा)। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि केंद्र में आने वाली अगली सरकार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की बनेगी। इसे सभी मानने लगे हैं। पालमपुर में मंडल भाजपा के अभ्यास शिविर में पहुंचे धूमल ने पत्रकारों से कहा कि देश में अविश्वास का माहौल बना हुआ है। आज अफसरशाही और नेताओं के बीच जबरदस्त तनाव चला हुआ है। देश के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब किसी आईएएस अधिकारी ने प्रधानमंत्री पर अंगुली उठाई है। उन्होंने कहा कि आज देश के अधिकारी हिम्मत दिखा कर सरकार के गलत आदेश नहीं मान रहे हैं। आज देश में किसी नेता के भाषण को टिकट खरीद कर लोग सुनने आ रहे हैं तो वह है नरेंद्र मोदी। विरोधी भी दबी आवाज में मोदी की तारीफ करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर केंद्र की सरकार के कारण भारत का सम्मान कम हुआ है। केंद्र सरकार आंतरिक और बाहरी सुरक्षा की दृष्टि में निपटने में नाकाम रही है। धूमल ने कहा कि केंद्र में ही नहीं बल्कि प्रदेश में भी कांग्रेस की सरकार ने नौ महीनों के शासन में आम जनता को तंग कर दिया है। डिपुओं में खाद्य सामग्री नहीं आ रही है, चीनी का कोटा दो तीन महीनों के बाद मिल रहा है।
