
अजमेर: कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त केन्द्रीय चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष नरेन्द्र मोदी की नियुक्ति पर चुटकी लेते हुए कहा है कि वह पार्टी में ही स्वीकार्य नहीं है तो फिर देश उन्हें कैसे स्वीकार करेगा।
जायसवाल ने पत्रकारों से कहा कि मोदी की नियुक्ति पर स्वयं भारतीय जनता पार्टी में ही घमासान मचा हुआ है और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं सहित अनेक लोग उन्हें बागडोर सौंपने पर असहमत है तो फिर देश की जनता कैसे उन्हें स्वीकार कर सकती है। उन्होंने कहा कि पार्टी में किसे नियुक्त करना है और क्या जिम्मेदारी दी जाए यह निर्णय करना भारतीय जनता पार्टी का आंतरिक मामला है और भाजपा के आंतरिक मामलों से कांग्रेस का कोई लेना देना नहीं है।
उन्होंने कहा कि मोदी को दी गई जिम्मेदारी का मामला भाजपा का आतंरिक मसला है लेकिन जिस तरह से इस मुद्दे पर पार्टी में बगावत हुई है उसे देखते हुए अवाम मोदी पर कैसे भरोसा कर सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदैव कौम के कल्याण और विकास के लिए प्रयासरत है और इसमें जुटी रहेगी।
उन्होंने किसी का नाम लिए बगैर लेकिन भाजपा की ओर इशारा करते हुए कहा कि देश में कुछ ताकतें कौम को बरगलाने और उनकी खुशहाली को कुठाराघात पहुंचाने का प्रयास कर रही हैं जिनकी साजिशों को नामका करने की जरूरत है।
