
पौड़ी। नवांकुर की पहल पर आयोजित नाट्य समारोह के दूसरे दिन भी अनुकृति रंगमंडल के कलाकार छाए रहे। दूसरे दिन ‘मोटे राम का सत्याग्रह’ नाटक का मंचन किया गया। समारोह का उद्घाटन मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट महेश चंद्र कौशिवा ने किया।
डा. ओमेंद्र कुमार के निर्देशन में अनुकृति के कलाकारों ने मुंशी प्रेमचंद की लिखी ‘मोटे राम का सत्याग्रह’ कहानी का नाट्य मंचन किया। नाटक मेें ब्रितानी हुकूमत में अंग्रेजों के अन्याय को दर्शाया गया। अंग्रेजों के अत्याचार के खिलाफ आम व्यक्ति के संघर्ष की गाथा का खूबसूरती से मंचन किया गया। आम जनता के धन और अपने विशेषाधिकारों का दुरुपयोग करने वाले सत्ताधारी लोगों की मानसिकता पर कड़े प्रहार हुए। साथ ही थोड़े प्रलोभनों से अपनों के साथ ही दगा करने तथा अत्याचारी का साथ देने वालों के चरित्र पर भी प्रहार किए गए। नाटक में सुरेश श्रीवास्तव, राजीव तिवारी, जौली घोष, आकांक्षा, शिरीष, प्रमोद, अभय, अनिल, महेंद्र धूरिया, दीपक, मनोहर सुखेजा, दिनेश, संदीप, विजय कुमार, अजय चौहान ने अभिनय से खूब तालियां बटोरीं।
