मोटी कमाई के चक्कर मे पनपा नशे का कारोबार

नूरपुर (कांगड़ा)। पंजाब से सटे उपमंडल नूरपुर में नशीले पदार्थों की कालाबाजारी थमने का नाम नहीं ले रही है। मोटी कमाई के चक्कर में नशे के सौदागर अब मादक द्रव्य पदार्थों की होम डिलीवरी करने लग पड़े हैं तो वहीं, सस्ते नशे के चलते युवा पीढ़ी नशे के दलदल में धंसती जा रही है। बावजूद इसके पुलिस महकमा खासकर पंजाब से सटे इलाकों में धड़ल्ले से हो रहे नशे के काले कारोबार पर शिकंजा कसने में अभी तक नाकाम साबित हुआ है। हैरानी की बात है कि सीआईडी की टीम ने धर्मशाला से आकर नशे के सौदागरों को नशीले पदार्थों की खेप के साथ पकड़ती है और स्थानीय पुलिस को इस कालाबाजारी की भनक तक नहीं लगती।
इससे पहले 16 जनवरी को कांगड़ा जिला की सीआईडी टीम ने नशे के सौदागरों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया था और जसूर के समीप छतरोली में एक जीप से 12 हजार नशीले कैप्सूल पकड़े थे। हालांकि, इससे पहले 11 जनवरी को कंडवाल पुलिस चौकी की टीम ने एक ढाबा मालिक की सूचना पर 151 कोरेक्स की बोतलें जरूर जब्त की थीं। लेकिन यह दूसरा मौका है जब सीआईडी की टीम ने सुनियोजित ढंग से नूरपुर क्षेत्र में दूसरी बड़ी नशे की खेप जब्त की है। इससे पहले भी नूरपुर क्षेत्र में नशे की खेप पकड़ने के मामले सामने आते रहे हैं। लेकिन नशे के सौदागरों के इस नेटवर्क को तोड़ने में पुलिस को अभी तक कोई खास सफलता नहीं मिल पाई है। पुलिस की मानें तो समाज की सहभागिता के बिना ऐसे मामलों को रोकना संभव नहीं है।

Related posts