
चंपावत। अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता के खिताब पर माडर्न स्कूल ने कब्जा जमाया। फाइनल मुकाबले में उसने सनशाइन पब्लिक स्कूल को दो गोल से मात दी। विजेता और उप विजेता टीम को मुख्य अतिथि पूर्व दुग्ध संघ अध्यक्ष सुनील साह ने पुरस्कृत किया। इसके अलावा छात्राओं का फुटबॉल का प्रदर्शनी मैच भी खेला गया।
स्पोर्ट्स क्लब के तत्वावधान में गोरलचौड़ मैदान पर हुआ फाइनल मुकाबला बेहद कांटे का रहा। पहले हाफ में दोनों ही टीम के खिलाड़ी गोल करने के जूझते रहे। लेकिन कोई भी टीम गोल करने में कामयाब नहीं हो सकी। दूसरे हाफ में खेल पूरे शबाब पर पहुंच गया। दोनों टीम ने गोल करने के लिए पूरी ताकत झौंकी दी। कुछ समय बाद ही माडर्न स्कूल के खिलाड़ी रितिक तड़ागी की मेहनत कामयाब रही। टॉप आफ डी से मारा गया उनका शॉट सीधे गोल पोस्ट में समा गया।
मैच खत्म होने से कुछ समय पहले इसी टीम के खिलाड़ी अमित गिरी ने एक और गोल कर टीम को अजेय बढ़त दिला दी। निर्णायक प्रदीप बोरा, अमित रावल, कमल जोशी और महेश बिनवाल थे। विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कृत किया। इससे पूर्व यूनिवर्सल और जीजीआईसी की छात्राओं के बीच प्रदर्शनी मैच भी खेला गया। इस मौके पर अशोक वर्मा, प्रहलाद सिंह, घनश्याम पांडेय, श्याम कार्की, अशोक जोशी, अमित वर्मा, मुकेश वर्मा, मुन्ना राय, राकेश बिष्ट, रीतेश राय, नवीन वर्मा समेत तमाम खेलप्रेमी मौजूद थे।
