
मैहतपुर (ऊना)। स्थानीय आरटीओ बैरियर पर चुनाव ड्यूटी के लिए गठित टीम ने एक कार में सवार चार युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से कागजों से तैयार नोटों की दो गड्डियां बरामद की हैं, जिन पर पांच सौ रुपये के असली नोट लगाए गए थे। पुलिस ने शातिरों के खिलाफ ठगी का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। गाड़ी पर प्रेस भी लिखा हुआ था। एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने इस बात की पुष्टि की है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक गाड़ी की जांच करने पर कार में सवार पांच युवकों में से एक युवक पुलिस टीम को गच्चा देकर भागने में कामयाब हो गया। जबकि उसके बाकी साथियों को पुलिस ने दबोच लिया। आरटीओ बैरियर पर की गई पूछताछ में चालक ने कहा कि गाड़ी उनके एक निकट संबंधी की है, जो जालंधर में एक हिंदी समाचार पत्र में कर्मचारी है। पुलिस ने उक्त समाचार पत्र में पता लगाया तो उस नाम का कोई व्यक्ति उस हिंदी दैनिक में नहीं पाया गया। आरटीओ बैरियर पर तैनात अधिकारी ईश्वर चौैधरी, हेडकांस्टेबल रविन्द्र कुमार, एचसी अनिल कुमार, तीर्थराम की टीम ने गाड़ी में सवार सभी युवकों को पास की पुलिस चौकी में पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस की कड़ी पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह चारों युवक 25 वर्षीय रोहित कुमार गोरखपुर यूपी, 22 वर्षीय विमलेश कुमार डुगरी जैमरिया बिहार, लालभानू मुजफ्फरनगर, चालक जसवंत राय फगवाड़ा पंजाब, एक फरार 30 वर्षीय युवक राहुल समस्तीपुर दरभंगा बिहार गाड़ी नंबर पीबी-10 बीआर 6342 इंडिगो कार में नंगल से ऊना की ओर जा रहे थे। गाड़ी की जांच पर पुलिस ने कागजों से तैयार की गई नोटों की गड्डी बरामद की। जांच करने पर पुलिस के हाथ पांच-पांच सौ के पांच असली नोट तथा चार महंगेे मोबाइल भी लगे हैं। पुलिस सूत्रों ने गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की तो उसमें मिली आरसी की जांच करने पर पाया कि वह अमन कुमार के नाम पर है। उनके पास एक अखबार का आईकार्ड भी मिला है, जिसकी जांच पुलिस टीम कर रही है। एएसपी वीरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि युवकों से कड़ी पूछताछ की जा रही है।
