
चंबा। प्राइमरी स्कूल मैलोह में पांचवीं कक्षा के परीक्षा केंद्र को रद करने पर स्थानीय ग्रामीणों ने रोष जताया है। मैलोह स्कूल में पांचवीं कक्षा के परीक्षा केंद्र स्थापित करने की मांग को लेकर एसएमसी मैलोह के सदस्यों ने ग्राम पंचायत बाट के प्रधान अमर सिंह की अगुवाई में उपायुक्त संदीप कदम से मुलाकात की। उन्होंने एक मांग पत्र के माध्यम से बताया कि पहले प्राथमिक पाठशाला मैलोह में पांचवीं कक्षा की परीक्षाएं होती थी। इस मर्तबा परीक्षाएं प्राथमिक पाठशाला उटीप में रखी गई हैं, जो मैलोह स्कूल से 10 किलोमीटर दूर है। परीक्षा केंद्र बदलने से बच्चों को पांचवीं की परीक्षाएं देने के लिए 12-13 किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ेगा। उटीप स्कूल को जाना वाला रास्ता घने जंगलों से होकर गुजरता है। इन जंगलों में जंगली जानवरों के हमले का खतरा बना रहता है। इसके चलते बच्चों को परीक्षाएं देने के लिए स्कूल तक पहुंचने में काफी दिक्कत आएंगी। ग्रामीणों ने उपायुक्त से मैलोह एक स्कूल में परीक्षा केंद्र स्थापित करने की मांग की है। स्कूल प्रबंधन समिति ने एसएमसी अध्यक्ष जगो राम की अध्यक्षता में बैठक कर मैलोह में परीक्षा केंद्र स्थापित करने बारे प्रस्ताव पारित किया है। उन्होंने प्रस्ताव की प्रति प्रारंभिक शिक्षा विभाग को भी भेज दी है। अगाहर वार्ड के मेंबर, नंद लाल, निक्कू राम, आत्मा राम, काकू राम, बिट्टू राम, नीलम कुमारी, सुदेश कुमारी, संजय कुमार, राकेश ने जल्द जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग से परीक्षा केंद्र स्थापित करने की मांग की है। उधर, उपायुक्त संदीप कदम ने लोगों को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
