मैया के दरबार जयजयकार

चामुंडा/ज्वालामुखी/कांगड़ा। ….जयकारा शेरांवाली दा। जोर से बोलो जय माता दी। कांगड़ा जिला के ऐतिहासिक शक्तिपीठ दुर्गा के नव रूपों के उद्घोष से गूंज उठे। शनिवार को दुर्गाष्टमी के पावन अवसर पर कांगड़ा स्थित श्री बज्रेश्वरी, चामुुंडा स्थित श्री नंदिकेश्वर धाम और श्री ज्वालाजी में श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शनिवार को रिकार्ड संख्या में श्रद्धालुओं ने देवी दर्शन किए। लोगों ने घंटों कतार में खड़े होकर माता के दरबार में हाजिरी लगाई।
श्री चामुंडा में कन्या पूजन के साथ हलवा, पूरी और चने का प्रसाद बांटा गया। मंदिर अधिकारी सूरजन सिंह के अनुसार दुर्गाष्टमी को पंद्रह हजार श्रद्धालुओं ने शीष नवाया। वहीं, देर रात की आरती के बाद मैया को मंदिर की ओर से 108 प्रकार के भोग लगाए गए। कुल मिलाकर माता को 156 भोगों का प्रसाद चढ़ाया गया।
श्री ज्वालामुखी में महाअष्टमी के महापर्व पर मां ज्वाला को श्रद्धालुओं ने एक क्विंटल देसी घी के हलवे का भोग लगाया। इसके अलावा मंदिर 24 घंटे खुला रहने के बावजूद मंदिर मार्ग पर लंबी-लंबी कतारों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मैया के दर्शनाें के लिए उमड़ पड़ी। 35 हजार श्रद्धालुओं ने मां ज्वाला के दर्शन कर मन्नत मांगी। मंदिर में श्रद्धालुओं ने सैकड़ों की तादाद में मुंडन भी करवाए। मंदिर ट्रस्ट प्रधान दिव्यांशु भूषण, सुरेन्द्र काकू, भवानी दत्त, वेनी माधव, पवन शर्मा, संजीव सूद, पार्वती शर्मा, प्रेमानंद, धर्मपाल ने कहा कि मंदिर में महाअष्टमी के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पंहुचे। मंदिर अधिकारी सुरिंद्र शर्मा व एसएचओ सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि नवरात्र के दौरान शांति व्यवस्था बनाई गई है।
वहीं, कांगड़ा स्थित बज्रेश्वरी में बीस हजार श्रद्धालुओं ने मैया के दर्शन किए। मंदिर अधिकारी पवन बडियाल ने बताया कि सुबह ढाई बजे ही मंदिर के कपाट खोल दिए गए थे। सप्तमी के दिन श्रद्धालुओं ने तीन लाख, दस हजार 234 रुपये की नगदी, सात ग्राम और दो सौ मिलीग्राम सोना और 252 ग्राम की चांदी का चढ़ावा चढ़ाया।

आस्ट्रेलियन डालर भी चढ़े
सप्तमी को श्री ज्वालामुखी के दरबार छह लाख 80 हजार 687 रुपये नगद, 5 ग्राम 400 मिग्रा सोना व 785 ग्राम चांदी श्रद्धालुओं ने चढ़ाई। वहीं मां के दरबार में 30 आस्ट्रेलियन डॉलर भी चढ़ाए गए।

Related posts