
रामपुर बुशहर। उपमंडल के सेरी पुल से देवठी सड़क पर हो रही मैटलिंग में सभी नियम कानूनों को ताक पर रखा जा रहा है। हैरतअंगेज यह है कि यह कार्य लोनिवि के कनिष्ठ अभियंता की देख रेख में हो रहा है, लेकिन इसके बाद भी सिर्फ रोड़ी छिपाने के लिए तारकोल बिछाया जा रहा है। वहीं कई जगहों पर तो साथ ही सड़क उखड़ भी गई है। जो लोनिवि की कार्यप्रणाली पर भी कई सवाल खड़े कर रहा है।
लोग निर्माण विभाग ने रामपुर उपमंडल की सेरी पुल से देवठी जाने वाली सड़क पर मैटलिंग का कार्य शुरू किया है, लेकिन जो मैटलिंग की जा रही है वह सभी नियमों को ताक पर रख कर हो रही है। यह सड़क मार्ग सीपीएम एवं रामपुर के विधायक की गृह पंचायत के लिए जाता है। ऐसे में सवाल है कि अगर विधायक की गृह पंचायत के लिए बन रही सड़क में ही नियम ताक पर रखे जा रहे हैं तो अन्य क्षेत्रों में क्या हो रहा होगा, इसका अंदाजा साफ लगाया जा सकता है। यहीं नहीं कई स्थानों पर सड़क उखड़ भी चुकी है। जो लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे है।
इधर, इस बारे में लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन केके कौशल का कहना है कि काम नियम अनुसार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मौके पर जेई भी तैनात है। अगर इस प्रकार की कोई बात है तो जांच की जाएगी।
क्या हैं नियम
नियम के अनुसार मैटलिंग के दौरान प्रीमिक्स कारपेट 27 एमएम होना चाहिए जो बाद में रोलर चलने के बाद 20 एमएम तक होना चाहिए। इसके अलावा रोड़ी का भी साइज तय होता है। उससे बड़ी रोड़ी नहीं होनी चाहिए, लेकिन यहां पर इन सभी नियमों की अनदेखी हो रही है।
