मैक्स जीप दुर्घटनाग्रस्त, चालक समेत आठ घायल

दन्यां। खेती से हल्द्वानी की तरफ जा रही मैक्स जीप के धौलादेवी ब्लाक मुख्यालय के समीप देवदार के पेड़ से टकरा जाने से चालक समेत आठ लोग घायल हो गए। तीन गंभीर घायलों को उपचार के लिए अल्मोड़ा रेफर किया गया है।
खेती से हल्द्वानी जा रही मैक्स जीप संख्या यूए-01-0232 ब्लाक मुख्यालय के समीप असंतुलित होकर सड़क किनारे देवदार के पेड़ से जा टकराई। जीप के पेड़ में अटक जाने से बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। जबर्दस्त टक्कर से चालक समेत वाहन में सवार सात अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को धौलादेवी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डा. बीबी जोशी, राजेश कर्नाटक, नवीन धारीवाल, दिनेश गैड़ा आदि ने अस्पताल पहुंचाया।
चर्चालीखान निवासी दीपक (17) पुत्र देवीदत्त, चौड़ा के संजय सिंह (21) पुत्र गोपाल सिंह और चौड़ा निवासी कमला देवी (45) पत्नी गोपाल राम को गंभीर चोटें आई हैं। डाक्टरों ने उपचार के बाद तीनों को अल्मोड़ा बेस अस्पताल रेफर कर दिया है। जबकि गिरीश चंद्र, भुवन पांडे, चालक नरेंद्र लाल, प्रियांशु, दयाकिशन को धौलादेवी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। दुर्घटना का कारण जीप में तकनीकी खराबी बताया जा रहा है।

Related posts