
गोहर/नेरचौक (मंडी)। भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर ने सोमवार को नाचन तथा बल्ह विधानसभा क्षेत्र की कई पंचायतों में जाकर चुनाव प्रचार किया। उन्होंने कहा कि मैं मजबूर प्रत्याशी हूं तो मुख्यमंत्री और उनका परिवार पसीना बहाना छोड़ दें। नाचन हलके के बाढू में चुनावी सभा में ठाकुर ने कहा कि उनकी लोकप्रियता को देखकर मुख्यमंत्री और कांग्रेस पार्टी के लोग बौखला गए हैं। जिससे अनाप शनाप बयानबाजी से बाज नहीं आ रहे है। जयराम ने कहा कि मंडी लोकसभा क्षेत्र से उन्हें लोगों को भारी समर्थन मिल रहा है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की आराम करने की उम्र है लेकिन उन्हें चैन नहीं है। वीरभद्र सिंह को इस बात का अहसास हो गया कि चुनाव हाथ से निकल गया है। प्रतिभा सिंह अगर यह चाहती हैं कि मैं उनकी सांसद निधि की आरटीआई लूं तो वह भी ली जाएगी। कांग्रेस कार्यकाल के पांच माह में प्रदेश का दिवालिया घोषित हो गया है। जयराम ठाकुर ने जाच्छ, चच्योट, किलिंग, बाढू और अन्य पंचायतों में जनता से वोट मांगे। जयराम का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह जगह भव्य स्वागत किया। इस मौके पर जयराम ठाकुर के साथ नाचन भाजपा विधायक विनोद कुमार, भाजयुमो अध्यक्ष राहुल शर्मा, मंडल महामंत्री हुकम चंद, मीडिया प्रभारी संजय, धिश्ती, पंचायत प्रधान मुरारी लाल राणा मौजूद रहे। इसके बाद जयराम ने बल्ह क्षेत्र के बुशैहर, बडसू, बैहना, टकरोहा में चुनाव प्रचार कर जनता से वोट देने की अपील की। इस दौरान इंद्र सिंह गांधी, मंडल अध्यक्ष संजय रावत, रणवीर सिपहिया, सुख राम चौधरी, हेमपाल राणा, ढमेश्वर ठाकुर, वीरेंद्र कंवर, यशवंत उनके साथ मौजूद रहे।
