
बिलासपुर। शहर के धौलरा मंदिर में नवरात्र पर शारदोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को इस उपलक्ष्य पर महिलाओं और लड़कियों की मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जिले भर से आई 85 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
मेहंदी प्रतियोगिता में क्रिसैंट पब्लिक स्कूल की शिफाली व इसी स्कूल की तन्वी संयुक्त रूप से प्रथम रही। डीएवी की अक्षिता ने द्वितीय स्थान हासिल किया। सरस्वती विद्या मंदिर की ज्योति और मुस्कान संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रही। रंगोली में कन्या पाठशाला रौड़ा की वकुल जोशी और उसकी सहेलिया तथा डीएवी की अंशिका एवं सहेलियां संयुक्त रूप से प्रथम रहीं। माउंट कैलवरी स्कूल की लक एवं सहेलियाें ने द्वितीय स्थान हासिल किया। कन्या पाठशाला की ज्योति एवं सहेलियां तथा डीएवी की शिवानी एवं सहेलियां संयुक्त रूप से तृतीय रहीं। शारदोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम संयोजक राम लाल पुंडीर ने बताया कि सात अक्तूबर शाम 7:15 बजे कक्षा नर्सरी से तीसरी कक्षा तक के विद्यार्थियों की धार्मिक एवं भारतीय लोकनृत्य एकल वर्ग की प्रतियोगिता होगी। कक्षा सातवीं से लेकर 12 वीं तक के विद्यार्थियों की धार्मिक एवं भारतीय वेशभूषा प्रतियोगिता का आयोजन भी इसी दिन होगा। आठ अक्तूबर को शाम 7:15 बजे कक्षा चौथी से सातवीं तक व कक्षा सातवीं से 12 वीं के विद्यार्थियों की एकल वर्ग की धार्मिक एवं भारतीय लोक नृत्य प्रतियोगिता होगी। नौ अक्तूबर को कक्षा छठी से आठवीं तथा कक्षा नौवीं से 12 वीं तक के विद्यार्थियों की एकल वर्ग की धार्मिक एवं देशभक्ति गीत गायन प्रतियोगिता का आयोजन होगा। 10 अक्तूबर को कक्षा चौथी से आठवीं व कक्षा नौवीं से 12 वीं तक के विद्यार्थियों की सामूहिक धार्मिक एवं लोकनृत्य प्रतियोगिता होगी। इसमेें हर टीम में कम से कम छह व अधिक से अधिक 10 प्रतिभागी हो सकते हैं। 11 अक्तूबर की शाम भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। 12 अक्तूबर को शाम आठ बजे भजन संध्या होगी।
