
गैहरा (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छतराड़ी में वार्षिक समारोह हर्षोल्लास से मनाया गया। इसमें ग्राम पंचायत छतराड़ी की प्रधान पुष्पा शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। स्कूली बच्चों ने सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का आगाज किया। वार्षिक समारोह में स्कूली बच्चों ने पहाड़ी व पंजाबी गानों में जमकर डांस किया। स्कूल के प्रधानाचार्य प्रियदर्शी अजय ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। स्कूली बच्चों ने नीरू चली घूमदी, मैं बारी मैं बारी मेरे शमिए गानों में खूब नृत्य किया और दर्शकों को तालियां बजाने पर बाध्य कर दिया। इस दौरान भाषण प्रतियोगिता में अनिल शर्मा व अर्पणा ने बाजी मारी। विभिन्न स्पर्धाओं और कक्षाओं में अव्वल स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को मुख्य अतिथि ने सम्मानित भी किया। मुख्य अतिथि ने इंदु बाला, लविश, अनिल, सभ्या देवी, शुशांक, राजीव ठाकुर, शुभम, प्रतीक व वंदना को पुरस्कार प्रदान किए और उनके सफल भविष्य की कामना की। समारोह की मुख्य अतिथि ने 3100 रुपये और एसएमसी प्रधान रोशन लाल ने 500 रुपये स्कूल प्रबंधन को बतौर मदद प्रदान किए। कार्यक्रम में एसएमसी प्रधान रोशन लाल, युवक मंडल छतराड़ी के प्रधान सुखपाल, सेवानिवृत्त खंड शिक्षा अधिकारी जगन नाथ शर्मा, माधो राम, शिक्षक राजेश, स्वरूप, सुभाष, पिंकू राम, संजय, परस राम व जीवन कुमार मौजूद रहे।
