मेडिकल रिपोर्ट में दुराचार की पुष्टि

बद्दी (सोलन)। बद्दी के भुड़्ड गांव में कागंडा की एक युवती से दुष्कर्म करने वाले मुख्य आरोपी निखिल राठौर को बद्दी पुलिस ने धर दबोचा है। इस घिनौने अपराध को अंजाम देने वाला उसका दूसरा साथी फरार चल रहा है। उधर, मेडिकल रिपोर्ट में युवती से दुराचार की पुष्टि हुई है। एसपी बद्दी अरूल कुमार ने बताया कि आरोपी को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
कांगड़ा की एक युवती ने दोनों युवकों पर दुराचार का आरोप लगाया था। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में युवती ने कहा था कि 25 मई देर सांय करीब 8 बजे जब वह अपनी गाड़ी से नालागढ़ अपने किराये के कमरे में जा रही थी तो भुड्ड गांव के समीप निखिल राठौर सफारी से जा रहा था उसने उसकी गाड़ी को रोक कर उसे जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया। भुड्ड गांव के समीप ही उसने एक फैक्टरी के पीछे ले जाकर उसके साथ दुराचार किया। इसके साथ एक अन्य युवक भी था जिसने भी उसकी अस्मत लूटी। दोनों ने उसे वहां छोड़ कर फरार हो गए।
31 मई को युवती ने बद्दी थाने में आकर निखिल राठौर के खिलाफ मामला दर्ज कराया। मामले की जांच कर रहे डीएसपी वीर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने युवती का मेडिकल कराया गया है, जिसमें महिला चिकित्सक ने युवती के साथ जबरदस्ती होने की बात कही है। मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि के बाद पुलिस ने आरोपी निखिल राठौर को दबोच लिया है।
एसपी अरूल कुमार ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी निखिल को बद्दी से गिरफ्तार कर लिया है। उसे रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। दूसरे आरोपी को भी शीघ्र दबोच लिया जाएगा। उधर, निखिल राठौर अपने ऊपर लगे सभी आरोपों का खंडन कर रहा है। निखिल का कहना है कि वह पिछले कई दिनों से अपने घर पर ही रह रहा था। जबकि लड़की का कहना है कि निखिल ने ही उसके साथ दुष्कर्म किया है।

Related posts