
सोलन। जिला पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन ने कृषि एवं बागवानी विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारी को पंजाब की तर्ज पर बढ़ी हुई पेंशन नहीं जारी करने पर रोष जताया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार अन्य विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए यह व्यवस्था पहले ही लागू की जा चुकी है।
वहीं बैठक में लंबित मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पेंशनरों ने दो साल से लंबित मेडिकल बिलों के भुगतान की मांग, सरकार से संयुक्त समन्वय समिति की बैठक जल्द बुलाने की गुहार लगाई। प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष जेएन निराला ने सरकार पर आरोप लगाया कि जो लाभ पेंशनरों को 01 जनवरी 2006 से मिलना था, वह 01 अप्रैल 2013 से दिया गया। यह पेंशनरों के साथ धोखा है। इसे 2006 से लागू किया जाए। वहीं फैमिली पेंशनरों को वित्तीय लाभ पंजाब और केंद्र सरकार के अनुरूप मिलने की मांग उठाई गई। सदस्यों ने पांच प्रतिशत अलाउंस को मूल पेंशन में शामिल किया जाने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष जयदेव शर्मा, उपाध्यक्ष जेसी बंसल, महासचिव सुंदर सिंह ठाकुर, सह सचिव मोहन कौंडल, पीआरओ डा. केएन ओझा, आरएस ठाकुर और डा. जोगिंद्र सिंह मौजूद रहे।
