मेडिकल फिट होंगे, तभी जा सकेंगे श्रीखंड

कुल्लू। डीसी राकेश कंवर ने बताया कि जिले की 18 हजार फीट ऊंचाई पर स्थित धार्मिक स्थल श्रीखंड महादेव यात्रा के आयोजन को लेकर श्रीखंड यात्रा ट्रस्ट का गठन किया गया है। इससे ट्रस्ट के माध्यम से श्रीखंड दर्शन को जा रहे भक्तों और श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा प्रदान होगी। बताया कि श्रीखंड ट्रस्ट का गठन हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के आदेशों एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार किया गया है और इस ट्रस्ट के अध्यक्ष डीसी कुल्लू होंगे। डीसी ने बताया कि श्रीखंड जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य तथा अन्य सुविधाओं के लिए प्रदेश सरकार ने ट्रस्ट को बीस लाख रुपये जारी किए हैं। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्रीखंड यात्रा शुरू करने से पहले क्षेत्र का जायजा लेने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान दल भेजा है, जिसकी रिपोर्ट नौ जुलाई को मिलेगी। इसके बाद ही श्रीखंड यात्रा की तिथि निर्धारित की जाएगी। उन्होंने बताया कि यात्रियों को यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के लिए सिंघगाड़, थाचडू और भीमडवारी में मेडिकल कैंप स्थापित किए जाएंगे। इसमें स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी भी नियुक्त किए जाएंगे और इसके अतिरिक्त प्रशिक्षित बचाव दल (रेस्क्यू टीम) तैनात की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन की कमी को ध्यान में रखते हुए पहली बार ऑक्सीजन चेंबर का प्रबंध किया गया है। श्रीखंड जा रहे श्रद्धालुओं और यात्रियों से यात्रा से पहले मेडिकल फिटनेस सर्टिफि केट साथ लेकर आने की अपील की है। यात्रियों को सिंघगाड़ में स्थापित मेडिकल कैंप की ओर से फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने के बाद ही श्रीखंड की यात्रा करने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने ट्रस्ट की ओर से यात्रियों से अपील की है कि यात्री जो भी दान तथा चंदा देना चाहते हैं, उसे केवल ट्रस्ट को ही दें अन्य संस्था व व्यक्ति को दान न करें।

 

Related posts