मेजर ने कांस्टेबल को पीटा, लहूलुहान

गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम में सेना के एक मेजर ने धाम में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल की धुनाई कर दी। जब कांस्टेबल लहूलुहान हो गया तब वहां मौजूद अधिकारी बीच-बचाव को आए और मामला शांत कराया। चमोली के पुलिस अधीक्षक ने घटना पर नाराजगी जताते हुए थाना बदरीनाथ को शीघ्र रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। घटना के बाद से धाम में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई है।
बुधवार दोपहर को हेलीकॉप्टर से स्थानीय लोगों को जोशीमठ लाया जा रहा था। इसकी बीच धाम में तैनात पुलिस कांस्टेबल सुनील डबराल भी जोशीमठ जाने को लाइन में लग गया। इसे देख सेना के 19 बटालियन इंजीनियरिंग कोर्स के मेजर मनीष ढाका ने कांस्टेबल को लाइन से बाहर कर दिया। कांस्टेबल ने धाम में प्रशासनिक अधिकारी बी षणमुगम से इस मामले में शिकायत की तो उन्होंने पुन: कांस्टेबल को लाइन में लग जाने के लिए कहा। इस बार मेजर ने कांस्टेबल को लाइन से अलग कर लात, घूंसे मारने शुरू कर दिए। जब कांस्टेबल के नाक, मुंह से खून आने लगा तो वहां लाइन में लगे लोगों ने हल्ला कर दिया और मौके पर भीड़ जुट गई। सेना और प्रशासनिक अधिकारी भी वहां पहुंच गए। कांस्टेबल को बदरीनाथ स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करा दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अजय जोशी ने कहा कि यह घटना शर्मनाक है। घटना की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
डीएम एसए मुरुगेशन ने कहा कि मेरे पास अभी तक पूरी जानकारी नहीं पहुंची है। अलबत्ता धाम में स्थिति सामान्य है।

Related posts