मूसलाधार बारिश, नदियों का जलस्तर बढ़ा

चंपावत। जिले में एक बार फिर से मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया है। पिछले 24 घंटे में 37 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। बारिश से नदियां फिर से उफान पर आने लगी हैं। 48 घंटे के भीतर कुल 41 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है। बारिश से तापमान में थोड़ी गिरावट आ गई है। आज सुबह बारिश थमते ही प्रकृति का सौंदर्य निखर गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई है।
कुछ दिन तक रुकने के बाद मंगलवार से फिर से बारिश का सिलसिला शुरू हुआ है। बुधवार को सुबह तक बारिश जारी रही। रात में हुई जोरदार बारिश से नदियां उफान पर आ गई हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भी हल्की और मध्यम स्तर की बारिश का अनुमान लगाया है। बारिश से इस बार जून में ही नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। प्राकृतिक स्रोतों का जल स्तर बढ़ गया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. आनंद शर्मा ने बताया कि इस बार मानसून की अच्छी बारिश होगी। कुछ स्थानों पर औसत से ज्यादा बारिश की संभावना है। मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एक बार फिर से हाईअलर्ट जारी कर दिया है। टनकपुर में शारदा नदी के कटाव को देखते हुए वहां ज्यादा सतर्कता बरती जा रही है।

Related posts