
चंपावत। जिले में बृहस्पतिवार की रात से मूसलाधार बारिश जारी है। कल रात यहां आठ मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। सुबह से फिर बारिश की रफ्तार में तेजी आ गई। पूरे दिन हुई बारिश से नदियों और नालों का जल स्तर बढ़ गया है। तापमान में भी दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ गई है। पूरे जिले में व्यापक वर्षा को देखते हुए प्रशासन ने एक बार फिर से अलर्ट जारी कर दिया है।
पिछले तीन चार दिन से यहां बारिश की रफ्तार कम हो गई थी। इस बीच ठीक मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बृहस्पतिवार की रात से झमाझम बारिश होने लगी। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अगले 24 घंटे तक बारिश की संभावना बनी रहेगी। इस अवधि में कुछ इलाकों में मध्यम और तेज बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के निदेशक डा. आनंद शर्मा ने बताया कि पूरे पर्वतीय अंचल में बारिश होगी। इस बीच फिर से बारिश की रफ्तार तेज हो जाने के बाद प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी ने सभी उपजिलाधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर नजर रखने को कहा है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज पांडे ने बताया कि बारिश के कारण टनकपुर में शारदा का जल स्तर बढ़ने की संभावना है। नदी किनारे के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। बारिश से आज बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। ग्रामीण अंचलों से कम संख्या में लोग जिला मुख्यालय पहुंचे।
