
रे (कांगड़ा)। पुलिस थाना क्षेत्र फतेहपुर के अंतर्गत एक गांव में गांव के ही व्यक्ति द्वारा एक नाबालिग (12 साल) के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया। पुलिस ने पीड़ित बच्ची के परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भादंसं की धारा 376, 511 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि बच्ची मूक-बधिर है।
पुलिस के अनुसार सोमवार देर शाम पीड़ित बच्ची कोमल (काल्पनिक नाम) घर में अकेली थी। जबकि उसके माता-पिता पास के खेतों में घास लेने गए थे। इतने में आरोपी घर आया और पीड़िता को बहला-फुसलाकर गौशाला ले गया, जहां उसने मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। लेकिन, बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर खेतों में घास काट रही उसकी माता मौके पर पहुंच गई। इतने में आरोपी वहां से फरार हो गया। इस बीच पंचायत के उप प्रधान और पीड़िता के माता-पिता अपनी मासूम बेटी को लेकर फतेहपुर पुलिस थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे जवाली कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। डीएसपी जवाली धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मेडिकल करवाने के उपरांत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
