
मुल्थान (कांगड़ा)। स्थानीय पोलींग पंचायत के लोहारड़ी गांव में शुक्रवार देर रात घर में आग लगने से भीतर सोया सत्तर वर्षीय किसू राम जिंदा जल गया। घटना के समय परिवार के बाकी सदस्य काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। सुबह करीब चार बजे जब लोगों ने तेज लपटें निकलती देखीं और आग बुझाने की कोशिश की तब तक घर राख हो गया। घर के पास में स्थित पंचायत घर के एक कमरे को भी आग से नुकसान हुआ है।
जिला परिषद सदस्य ऋषि राज, पोलींग पंचायत प्रधान रूप चंद व उप प्रधान वीरभद्र ने बताया कि सुबह चार बजे के करीब लोग जब घटना स्थल पर पहुंचे तो मकान पूरी तरह से जल चुका था। साथ में स्थित पंचायत घर के एक कमरे में आग लगी हुई थी। स्थानीय गांव तरमेहर, खड़ी मलाह, लोहारड़ी व अंदरली मलाह के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। लेकिन तब तक किसू राम की मौत हो चुकी थी। घटना स्थल के आसपास कोई मकान न होने से लोगों को समय से जानकारी नहीं मिल पाई। अनुमान है कि मकान से जलने से 20 लाख रुपये के नुकसान हुआ होगा । वहीं पंचायत घर के दो कमरों को आग की भेंट चढ़ने से बचा लिया गया। लेकिन एक कमरे के पूरी तरह से जलने से करीब 5 लाख का नुकसान हुआ।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को सुबह 6 बजे सूचित कर दिया गया था। लेकिन 10 बजे तक कोई भी घटना स्थल तक नहीं पहुंचा। जबकि मुलथान तहसील से घटना स्थल महज 5 किमी की दूरी पर है। प्रशासन की इस रवैये से ग्रामीणों में काफी रोष देखा गया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने की गुहार लगाई है। वहीं बैजनाथ पुलिस थाना प्रभारी राजेंद्र पाल व टीम ने घटना स्थल पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में ले लिया है।
