
लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख मुलायम सिंह यादव द्वारा अपनी पार्टी की सरकार के मंत्रियों को सुधरने की चेतावनी दिए जाने पर तंज कसते हुए आज कहा कि मुलायम को अब लगने लगा है कि जनता आगामी लोकसभा चुनाव में उन्हें सजा देने जा रही है। भाजपा के प्रांतीय प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने यहां कहा कि सपा प्रमुख जनता से कह रहे हैं कि वह पार्टी विधायकों और मंत्रियों की गलतियों की सजा आगामी लोकसभा चुनाव में सपा को नहीं दे। यह हास्यास्पद है, क्योंकि लोगों ने पिछले विधानसभा चुनाव में वोट तो सपा को ही दिया था लिहाजा उसके नुमाइंदों की गलती का खामियाजा तो पार्टी को ही भुगतना पड़ेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘सपा विधायकों से नाराज लोग तो सपा को ही नुकसान पहुंचायेंगे। मुलायम को लगने लगा है कि जनता आगामी लोकसभा चुनाव में उन्हें सजा देने जा रही है। इसी से भयभीत होकर वह कह रहे हैं कि विधायकों की सजा हमको मत देना।’’ इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि मुलायम सिंह यादव को अपनी जमीन खिसकने का एहसास हो चुका है। उन्होंने कहा, ‘‘जिसकी सरकार हो वह संगठन अपनी जिम्मेदारियों से कैसे बच सकता है। मुलायम बार-बार अपनी सरकार के मंत्रियों और मुख्यमंत्री को लेकर बयानबाजी करते हैं। आखिर उन्हें ठीक करने के लिये मुलायम को किसने रोका है।’’
सिंह ने कहा कि मुलायम भाजपा और विश्व हिन्दू परिषद के नेताओं के प्रति कृतज्ञता दिखाते हैं इसका जिम्मेदार कौन है। यही वजह है कि आज इन साम्प्रदायिक ताकतों के हौसले बुलंद हैं। बहुत जल्द ही जनता का मौजूदा सपा सरकार से मोहभंग हो गया है। यह देश की पहली ऐसी सरकार है जो इतने कम समय में अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है।
