
मंडी। कांग्रेस पार्टी की प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने अंतिम दिन चंबा जिले के भरमौर व होली में चुनाव प्रचार किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों का विकास कांग्रेस पार्टी की देन है। प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डा. यशवंत सिंह परमार ने जहां इस प्रदेश की नींव रखी, वहीं वर्तमान में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इसे संजोया है। भाजपा के पास इस उपचुनाव में कोई मुद्दा नहीं है।
होली व भरमौर में चुनावी जनसभा में प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोगों से जो वादा करती है, उसे हर हाल में पूरा करती है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने चुनावी घोषणा पत्र को एक नीतिगत दस्तावेज बना कर उस पर काम करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि सांसद निधि का पूरा प्रयोग किया और मंडी संसदीय क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मांग के अनुसार विकास कार्यों को धन आवंटित किया। भाजपा के नेता सांसद निधि को लेकर भ्रामक प्रचार करने में जुटे हैं। क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास करेंगी।
