मुठभेड़ में बिजनौर का एक सुपारी किलर गिरफ्तार

काशीपुर। पुलिस और एसओजी की टीम ने मुठभेड़ में बिजनौर के एक शातिर सुपारी किलर को दबोचा है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद हुआ है। बदमाश के विरुद्ध जिला बिजनौर और मुरादाबाद के विभिन्न थानों में कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। जसपुर थाने में भी उस पर लूट का मुकदमा दर्ज है।
बृस्पतिवार की सुबह लगभग चार बजे मुखबिर ने कोतवाल डीसी डौंडियाल को फोन पर बताया कि जिला बिजनौर का एक शातिर बदमाश दड़ियाल मार्ग से नहर किनारे मार्ग से पैदल खोखरा मंदिर की तरफ आ रहा है। वह यहां कोई वारदात को अंजाम दे सकता है। कोतवाल के निर्देश पर एसओजी की टीम के साथ उप निरीक्षक कोमल सिंह, उप निरीक्षक खेम सिंह, सिपाहियों के साथ घटना स्थल की ओर रवाना हुए। सुबह लगभग पांच बजे टीम ने खोखरा देवी मंदिर मार्ग पर एक व्यक्ति को देखा। ललकारने पर उसने पुलिस टीम पर फायर किया तो पुलिस ने भी जवाब में गोलियां चलाई परंतु गोली किसी को नहीं लगी। वह पुलिस पर और फायर करता तब तक एसओजी के जवानों तथा पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस उसे पूूछताछ के लिए आईटीआई चौकी ले गई।
कोतवाल डौंडियाल ने पत्रकारों को बताया कि पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम राजू त्यागी पुत्र दयानंद त्यागी मूल निवासी ग्राम लालपुर गुसांई थाना ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद) यूपी बताया। परंतु वह अब ग्राम रामनगर कसवा थाना नूरपुर (बिजनौर) यूपी में रहता है। डौंडियाल ने बताया कि राजू त्यागी कुख्यात सुपारी किलर है। उसने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने डेढ़ लाख की सुपारी लेकर 24 जून को ग्राम मलूकपुर-थावर मार्ग पर ईट भट्टे के पास ग्राम मलकपुर पडेरन (बिजनौर) निवासी हेमंत त्यागी को गोली मारी थी। गोली सिर के बजाय गले पर लगी और पार हो गई। उसे मरा समझकर छोड़ गए। परंतु वह बच गया दिल्ली में उपचार से ठीक हो गया है। कोतवाल ने बताया कि उसे मारने के लिए उसके ही रिश्तेदार हर्षित निवासी कुड़ामडलिया थाना स्योहारा ने डेढ़ लाखकी सुपारी दी थी। एडवांस में एक लाख रुपया मिला था।कोतवाल ने बताया कि हेमंत त्यागी को गोली मारने की अज्ञात के खिलाफ स्योहारा पुलिस में रिपोर्ट दर्ज है। कोतवाल ने बताया कि राजू त्यागी जिला बिजनौर और मुरादाबाद में सुपारी लेकर हत्याएं करने के लिए कुख्यात है। वह काशीपुर में किससे क्यों मिलने आया था पुलिस इसकी जांच कर रही है। पुलिस ने राजू त्यागी को पुलिस के साथ मुठभेड़ करने पुलिस पार्टी पर गोली चला कर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार कर किया।

Related posts