
रोहडू। ग्राम पंचायत बराल का प्रतिनिधिमंडल पंचायत प्रधान गुलट राम की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिला। पंचायत वासियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष विभिन्न मांगों को रखा। प्रधान गुलट राम ने बताया कि मुख्यमंत्री से माध्यमिक स्कूल बराल को स्तरोन्नत करने तथा वरिष्ठ माध्यमिक का दर्जा देने की मांग उठाई गई। इसके अलावा बराल में सहकारी बैंक की शाखा खोलने, उचित मूल्य की दुकान खोलने, कृषि केंद्र, संदौर से बराल टीर तक मेन बिजली लाइन बदलने, भड़ोली ग्राम सड़क को पक्का करने तथा झड़ग बलासन सड़क को पक्का करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सभी मांगों पर विचार करने का पूरा आश्वासन दिया है। लोगों को आस है कि मुख्यमंत्री ग्रामीणों की मांगों को शीघ्र पूरा करेंगे। इस अवसर पर सभी ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को छठी बार प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई भी दी। प्रतिनिधिमंडल में पंचायत समिति सदस्य कर्मचंद धल्टा, वार्ड सदस्य रीता देवी, ज्ञान सिंह मेहता, राजेश कालटा, जगदेव कालटा, रछपाल पांजटा, इंद्र सिंह धल्टा, राजन कालटा, रवि, संदीप कालटा सहित कई पंचायत वासी शामिल थे।
