मुख्यमंत्री ने थमाया किसानों को आश्वासन का झुनझुना

रुड़की। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने एक बार फिर किसानों को गन्ने का बकाया भुगतान कराने की बजाए केवल आश्वासन का झुनझुना थमा दिया। वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने 15 दिन में भुगतान कराने की कोशिश की बात कही। उधर, भाकियू का कहना है कि जब तक भुगतान नहीं होगा आंदोलन जारी रहेगा।
30 अगस्त को किसानों ने राजमार्ग पर महापंचायत के दौरान जिलाधिकारी निधि पांडे ने भाकियू की गन्ना भुगतान के लिए मुख्यमंत्री से वार्ता तय कराई थी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को अनुसार भाकियू का 11 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल सीएम विजय बहुगुणा से वार्ता के लिए देहरादून पहुंचा। करीब पौन घंटा हुई वार्ता में भाकियू को सीएम विजय बहुगुणा ने 15 दिनों में भुगतान कराने का प्रयास कराने की बात कही। उन्हाेंने कहा कि अगर भुगतान नहीं हुआ तो किसान फिर से उनसे मिल सकते हैं। इसके अलावा भाकियू की मांग पर गन्ना भुगतान मिल को देने की बजाए गन्ना समिति के खातों में भेजने और नलकूपों में फिक्स एक हजार रुपये महीने के चार्ज को हटाए जाने का भी सीएम ने आश्वासन दिया।
भाकियू के जिला प्रवक्ता राकेश लोहान ने बताया कि जब तक बकाया गन्ना भुगतान नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा। प्रतिनिधिमंडल में रवि कुमार, संजय चौधरी, विजय शास्त्री, बलजोर सिंह, बाबूराम, नूरहसन आदि शामिल थे।

Related posts