
धर्मशाला। शांता कुमार ने कहा कि एचपीसीए मामले में कार्रवाई बदले की भावना से की जा रही है। इसकी हम निंदा करते हैं। एचपीसीए के खिलाफ जांच सामान्य प्रक्रिया में होनी चाहिए। वहीं, सीबीआई मामले में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर गंभीर आरोप लगे हैं। ऐसे में सीएम को तुरंत त्यागपत्र देना चाहिए। यह शब्द शांता ने धर्मशाला में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहे। उन्होंने जोधमल सराय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कहा कि यह आम चुनाव नहीं हैं। यह चुनाव देश को बचाने के लिए लड़ा जा रहा है। यूपीए सरकार ने देश में बड़े-बडे़ घोटाले कर पूरे विश्व में भारत को बदनाम किया है। मैं जीवन के अंतिम पड़ाव पर चल रहा हूं और लोग यहां पहुंचकर अक्सर पीछे देखते हैं, लेकिन मैं इस मोड़ पर देश का सुनहरा भविष्य देख रहा हूं। 1963 में जब पालमपुर में अपने गांव गढ़जमूला आया था तो अपनी पंचायत के पंच पद पर चुनाव जीता था और अपने 51 साल के सफर में पार्टी के अहम पदों, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के पदों पर रह चुका हूं। बैठक में मौके पर प्रदेश भाजपा महामंत्री विपिन परमार, पूर्व सांसद कृपाल परमार, जिलाध्यक्ष हिंदवीर कोहली, नप अध्यक्ष कमला पटियाल, ओंकार नैहरिया, मंडल अध्यक्ष रमेश अटवाल, जिला उपाध्यक्ष राकेश शर्मा, गायत्री कपूर, बीडीसी अध्यक्ष सुदामनी कपूर, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष शारदा सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के सदस्य उपस्थित रहे।
राकेश शर्मा को बनाया मीडिया प्रभारी
धर्मशाला। संगठनात्मक जिला कांगड़ा के जिला उपाध्यक्ष राकेश शर्मा को प्रदेश महामंत्री विपिन परमार ने कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र का मीडिया प्रभारी नियुक्त किया है। विपिन परमार ने राकेश शर्मा की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी है। इसके अलावा कमल हमीरपुरी को भाजपा जिला कार्यालय धर्मशाला का प्रभारी नियुक्त किया गया। कमल हमीरपुर अब धर्मशाला में बैठक कर शांता कुमार के लिए प्रचार करेंगे।
