
हमीरपुर। टैक्स बढ़ोतरी के विरोध में चल रही टैक्सी ऑपरेटरों की हड़ताल बुधवार दोपहर को समाप्त हो गई है। मुख्यमंत्री के आश्वासनों के बाद ऑपरेटरों ने हड़ताल को वापस ले लिया है। बुधवार दोपहर बाद टैक्सियां सड़कों पर दौड़ती नजर आईं।
वीर भूमि टैक्सी यूनियन हमीरपुर के प्रधान राकेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के आश्वासनों के बाद हड़ताल को समाप्त कर दिया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि बढ़ाए हुए टैक्सों को लागू नहीं किया जाएगा। उन्होंने टैक्सी ऑपरेटरों को यह भी आश्वासन दिया कि आगामी चार वर्षों तक टैक्स बढ़ोतरी नहीं की जाएगी।
गौर रहे कि टैक्स बढ़ोतरी को लेकर प्रदेश के टैक्सी ऑपरेटर हड़ताल पर थे। पिछले दो दिन टैक्सियां खड़ी रहीं। अन्य निजी वाहनों में सवारियों को ढोने पर पाबंदी लगाई गई थी। दो दिन तक जन जीवन प्रभावित हुआ। दूर दराज के यात्रियों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा। हड़ताल समाप्त होने के बाद जन जीवन सामान्य हो गया है।
भोटा में टैक्सी चालकों की नारेबाजी
भोटा । दूसरी ओर भोटा में हड़ताल के तीसरे दिन टैक्सी ऑपरेटरों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। टैक्सी ऑपरेटरों ने निजी वाहन चालकों को सवारियाें ढोते हुए पकड़ा। वाहन चालकों को पुलिस चौकी भोटा में ले जाकर उचित कार्रवाई की गई। भोेटा टैक्सी यूनियन प्रधान दीपक चौहान के नेतृत्व में सभी चालकों ने सरकार के प्रति विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में सतीश, प्रीतम, रिंपी, होशियार सिंह, विजय, अजय, अशोक, अतुल ठाकुर, आदि शामिल रहे।
