
लोहाघाट/धारचूला। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के दौरे से तमाम पुरानी योजनाएं जो सालों से फाइलों में कैद थी और नई योजनाएं जमीन पर उतरती दिखने लगी। मुख्यमंत्री ने लोहाघाट और धारचूला की कई महत्वाकांक्षी योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। लोहाघाट में 21 कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ। वहीं धारचूला में 30.34 करोड़ रुपए की लागत से कई योजनाओं का शिलान्यास हुआ। मुख्यमंत्री ने लोहाघाट में आरईएस, पीएमजीएसवाई, सिंचाई निर्माण खंड, लोनिवि, जलनिगम निर्माण विंग विभागों के 71.88 करोड़ रुपये लागत के 21 कार्यों और धारचूला में 30.34 करोड़ रुपये की लागत की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया। इसमें पिथौरागढ़ नगर की सड़कों पर 17.12 करोड़ रुपये से होने वाले हॉटमिक्स का काम भी शामिल है। बंगापानी में नवसृजित तहसील भवन का भी शिलान्यास हुआ लेकिन उसके लिए अब तक धनराशि की स्वीकृति नहीं हुई है।
लोहाघाट नगर के लिए 45 करोड़ रुपये लागत से सरयू से लिफ्ट पेयजल योजना का निर्माण, लोहाघाट के रामलीला मैदान को आधुनिक रूप देने, नगर की नजूल भूमि को फ्री होल्ड कर मालिकाना हक देने, छमनियां चौड़ में स्टेडियम का निर्माण, खकोड़ा रेगडू में ग्रामीण स्टेडियम, मडलक में पशु सेवा केंद्र की स्थापना, देवीधुरा के राजकीय अस्पताल का उच्चीकरण कर 25 बेड का अस्पताल बनाने, पाटी ब्लाक में डिग्री कॉलेज की स्थापना, बाराकोट में मानकों में संशोधन कर वहां तहसील की स्थापना करने, पंचेश्वर से लुपड़ा, बगोटी से लेटी, जाख से गजीना, चौमेल से असलाड़, जाख से तल्ली छंदा, खेतीखान में आईटीआई भवन का निर्माण करने, बाराहीधाम में कुमाऊं केशरी कुसी राम आर्य की स्मृति भवन का निर्माण करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने लोहाघाट पीजी कालेज के विज्ञान और वाणिज्य संकाय का भवन निर्माण।राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चूलागांव भवन, दशलेख, कजीना पुनोली और तिमलागूंठ भवन का निर्माण। विभिन्न इलाकों को जोड़ने वाले 13 मोटर मार्गों का शिलान्यास किया। इसके अलावा 44.5 लाख रुपये लागत की लोहाघाट डिग्री कालेज से गंगनौला नसखौला होते हुए अंबेडकर गांव पोखरीबोरा मोटर मार्ग।99.71 लाख रुपये की लागत जीआईसी पुलहिंडोला भवन निर्माण। 60.65 लाख रुपये की लागत से राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय टांण अस्पताल और आवासीय भवन का निर्माण का लोकार्पण किया।
आपदा प्रबंधन मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि सरकार कोरी घोषणाएं नहीं बल्कि उनके क्रियान्वयन पर जोर दे रही है। अध्यक्षता विधायक पूरन सिंह फर्त्याल और संचालन शैलेंद्र राय ने किया। इस अवसर पर राज्य सभा सदस्य महेंद्र सिंह माहरा, सांसद प्रदीप टम्टा, संसदीय सचिव हेमेश खर्कवाल, दर्जा राज्यमंत्री खुशाल सिंह अधिकारी, जिला अध्यक्ष डा.मोहन राम ने समस्याओं रखीं। हेलीपैड में मुख्यमंत्री के पहुंचने पर चेयरमैन लता वर्मा, चंपावत के चेयरमैन प्रकाश तिवारी, कुमाऊं कमिश्नर अवनेंद्र सिंह नयाल, जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी, एसपी केएस नगन्याल आदि कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
उधर, धारचूला में 30.34 करोड़ रुपये की लागत की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया। 66.52 लाख रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय हाईस्कूल तोली के भवन, 70.82 लाख की लागत वाले राजकीय हाईस्कूल मेतली के भवन, 72.93 लाख से बनने वाले राजकीय हाईस्कूल कनार के भवन, 61.15 लाख की लागत से बनने वाले सेलमाली हाईस्कूल के भवन, 67.46 लाख से बनने वाले राजकीय हाईस्कूल नामिक के भवन, 62.43 लाख रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय हाईस्कूल सैणरांथी के भवन और 61.15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय हाईस्कूल समकोट के भवन का शिलान्यास किया। इसके अलावा मदकोट से बसंतकोट तक 1.44 करोड़ की लागत से बनने वाली सड़क, मालाकोट से लोद तक 2.22 करोड़ की लागत से बनने वाले संपर्क मार्ग का भी शिलान्यास हुआ। जौलजीबी में पांच करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले साहसिक पर्यटन संस्थान की नींव भी रखी गई। पिथौरागढ़ नगर की सड़कों पर 17.12 करोड़ रुपये की लागत से हॉटमिक्स होगा। इसका शिलान्यास भी धारचूला में ही कर दिया गया।
